भोपाल / पत्रकारिता के चुनौतीपूर्ण पेशे का सम्मान करता हूं, स्वतंत्र पत्रकारिता के बिना कोई भी लोकतंत्र नहीं चल सकता: अमेरिकी काउंसलेट
अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के काउंसलेट जनरल डेविड जे. रैंज ने कहा कि स्वतंत्र पत्रकारिता के बिना लोकतंत्र नहीं चल सकता है। रैंज शुक्रवार को माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय मीडिया विद्यार्थियों के साथ अंतर्राष्ट्रीय संबंध, क्लाइमेट चेंज, महिला सशक्तिकरण, लैंगिक असमानता समेत कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
ये भी पढ़े
रैंज ने कहा कि वह पत्रकारिता के चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण पेशे का सम्मान करते हैं, स्वतंत्र पत्रकारिता के बिना कोई भी लोकतंत्र चल नहीं सकता है। स्वतंत्र और मजबूत पत्रकारिता की वजह से ही लोकतंत्र में पारदर्शिता और जनता के प्रति सरकार की जिम्मेदारी तय होती है। इसके पहले रैंज ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से मंत्रालय में सौजन्य मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि प्रभुत्ववाद, पारदर्शिता, व्यापार, मूल्यों और एक दूसरे के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने के नितिगत बिंदू दोनों देशों के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दोनों देशों ने संबंधों की नई उंचाइयों को छुआ है, भारत और अमेरिका दोनों भू-रणनीतिक साझीदार हैं, जिनके सांस्कृतिक मूल्यों के साथ ही आपसी हित भी विकास के लिए कॉमन हैं। भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताते हुए उन्होने कहा कि मल्टीनेशलन कंपनियां भारत की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने के लिए काफी निवेश कर सकती हैं, बशर्तें भारत को अपनी व्यापार और निवेश नीतियों में प्रभावशाली बदलाव करे।
दो देशों के टकराव से बढ़े तनाव को रोकने में भारत पहल कर सकता है
उन्होंने कहा कि भारत और चीन जैसे बड़े विकासशील देशों को पर्यावरण संरक्षण में जिम्मेदारी उठाना चाहिए। भारत को नवीकरणीय उर्जा और ग्लोबल वार्मिंग को कम करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। अमेरिका ने जो गलत किया उसका अनुसरण दूसरे देश करें यह अब ठीक नहीं होगा। अमेरिका-ईरान तनाव को लेकर भारतीय हितों के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल पर कहा कि कोई भी दो देशों के बीच टकराव पूरी दुनिया को प्रभावित करता है, इससे बचना चाहिए और इसे रोकने में भारत से उम्मीद की जा सकती है।
विश्वविद्यालय के कुलपति दीपक तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता की असफलता लोकतंत्र की असफलता होगी, और सफल पत्रकारिता के लिए हमारे भावी पत्रकार विद्यार्थी जनहित में आथॉरिटी से सवाल करने के लिए तैयार होते हैं। रैंज अमेरिका की दक्षिण एवं मध्य एशियाई संबंध ब्यूरो में दक्षिण एशियाई देशों (भारत, बंगलादेश, नेपाल, श्रीलंका, भूटान एवं मालदीव) के कार्यकारी उप सहायक सचिव हैं।
कमलनाथ ने महात्मा गांधी पर विशेष पोस्टर श्रृंखला एवं कैलेंडर का विमोचन किया
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने महात्मा गांधी पर विशेष पोस्टर श्रृंखला एवं कैलेंडर का विमोचन किया। कमलनाथ ने विश्वविद्यालय द्वारा पोस्टर एवं कलेंडर प्रकाशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि महात्मा गांधी पर प्रकाशित पोस्टर का प्रदर्शन वल्लभ भवन में किया जायेगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति दीपक तिवारी उपस्थित थे। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर इस विशेष पोस्टर श्रृंखला का प्रकाशन किया गया है।